नेशनल डेस्क: मानसून इस समय पूरे देश में पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई, गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम बिगड़ा हुआ है। कहीं हल्की बूंदाबांदी लोगों को राहत दे रही है तो कहीं मूसलाधार बारिश बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त के बाकी दिन मानसून की सक्रियता और तेज रहने की संभावना है।
दिल्ली में बादलों का डेरा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हल्की बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन उमस की समस्या बनी रह सकती है।
मुंबई और आसपास के जिलों में रेड अलर्ट
मुंबई और आसपास के जिलों में भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार को हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। गांधी नगर, किंग्स सर्कल और सायन रेलवे स्टेशन पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। अगले कुछ दिनों तक इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बारिश का असमान असर
उत्तर प्रदेश में मानसून का असर हर जगह एक जैसा नहीं दिख रहा। पिछले 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश कम हुई, लेकिन विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 और 18 अगस्त को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में अलर्ट
17 से 19 अगस्त: कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के पहाड़ी इलाकों में जोरदार बारिश की चेतावनी।
18 से 20 अगस्त: गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना।
19 और 20 अगस्त: सौराष्ट्र क्षेत्र में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में लगातार बरसात
17 अगस्त को तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
18 और 19 अगस्त को तटीय कर्नाटक में बहुत भारी बारिश की संभावना है।
17 से 20 अगस्त तक केरल और माहे में लगातार तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मध्य और पूर्वी भारत में तेज बारिश
18 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना।
अगले एक हफ्ते तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।
17 से 19 अगस्त तक ओडिशा और विदर्भ में बारिश का अलर्ट।
19 से 22 अगस्त तक बिहार और झारखंड में जोरदार बारिश की संभावना।
उत्तर भारत में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश के आसार।
हिमाचल प्रदेश में 20 अगस्त तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना।
जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर वर्षा का अनुमान।
हिमाचल प्रदेश में अचानक बाढ़
हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनारसा, टकोली और नागवाईं क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आई है। इससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जम्मू-कश्मीर में बादल फटा
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के जोध गांव में बादल फटने की घटना हुई। इससे बाढ़ और भूस्खलन हुआ, 2-3 घर प्रभावित हुए और 6 लोग फंसे होने की खबर है। कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है और बचाव कार्य जारी है।
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले एक हफ्ते तक लगातार बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 19 से 22 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
सतर्क रहने की अपील
देशभर में मानसून की तेज रफ्तार से कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक रूप से जोखिम न उठाएं।