नेशनल डेस्क: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक नामी आश्रम से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आश्रम के संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन शोषण, धमकी और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आश्रम में मैनेजमेंट कोर्स की पढ़ाई कर रही 17 छात्राओं ने पुलिस को बयान देकर बताया कि आरोपी स्वामी ने न केवल उनके साथ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि उन्हें धमकाया भी कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो एग्जाम में फेल कर देगा।
अश्लील चैट से खुला राज
छात्राओं के मुताबिक, आरोपी स्वामी वॉट्सऐप पर उन्हें रात में मैसेज भेजता था। चैट में वह उन्हें अपने कमरे में बुलाने की बात कहता और विदेश ले जाने का लालच देता। अगर कोई छात्रा उसकी बात नहीं मानती तो वह उनके नंबर काटने की धमकी देता। पुलिस के पास इन वॉट्सऐप चैट्स के स्क्रीनशॉट भी हैं, जो मामले को और गंभीर बना रहे हैं।
तीन महिला वॉर्डन भी आरोपी
इस मामले में केवल संचालक ही नहीं, आश्रम की तीन महिला वॉर्डन के नाम भी सामने आए हैं। पीड़िताओं का कहना है कि ये महिलाएं उन पर दबाव डालती थीं कि वे स्वामी की मांगें मानें और बाद में उनके फोन से चैट डिलीट करवाती थीं। पुलिस ने तीनों वॉर्डन के बयान दर्ज कर लिए हैं।
फरार है आरोपी बाबा
मामला सामने आते ही स्वामी चैतन्यानंद आश्रम से गायब हो गया। पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और उत्तराखंड में कई जगह छापेमारी की है। उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली थी, लेकिन अभी तक वह पकड़ से बाहर है। पुलिस ने उसकी वॉल्वो कार भी जब्त कर ली है, जिस पर फर्जी UN नंबर प्लेट लगी हुई थी। जांच में पता चला कि यह नंबर पूरी तरह फर्जी था।
श्री शृंगेरी मठ का बयान
आरोप लगने के बाद दक्षिण भारत स्थित श्री शृंगेरी मठ ने सफाई दी है कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के सभी संबंध उनसे समाप्त कर दिए गए हैं। मठ ने स्पष्ट किया कि आरोपी का आचरण अवैध और अनुचित था, इसलिए उसके खिलाफ संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई गई है।
छात्रों के हित सुरक्षित
गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. कृष्णा वेंकटेश ने बयान जारी कर कहा कि आश्रम से जुड़े संस्थान की मान्यता और छात्रों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सभी छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
32 छात्राओं के बयान दर्ज
पुलिस ने अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें से 17 ने साफ-साफ कहा कि संचालक ने उनके साथ जबरन शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश की। कई छात्राओं ने बताया कि स्वामी ने अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और लगातार परेशान करता रहा। पुलिस ने संस्थान से सीसीटीवी फुटेज, हार्ड डिस्क और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
5 केस दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा कि स्वामी चैतन्यानंद के खिलाफ यौन शोषण, धमकी, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कुल 5 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
समाज में गूंजा मामला
इस खुलासे के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है। लोग आश्रम के बाहर जमा होकर न्याय की मांग कर रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें।
Delhi Ashram Molestation Case: 17 लड़कियों ने खोला बाबा चैतन्यानंद का काला चिट्ठा, अश्लील चैट, धमकी और विदेश ले जाने का लालच, पुलिस की बड़ी तलाश जारी







