Bihar Election 2025: नीतीश के ‘3C फॉर्मूले’ पर तेजस्वी का जवाब, RJD ने पोस्टर वॉर से बदला माहौल

Nitish Kumar vs Tejashwi Yadav बिहार चुनाव में पोस्टर वॉर से गरमाई सियासत Nitish Kumar vs Tejashwi Yadav बिहार चुनाव में पोस्टर वॉर से गरमाई सियासत

नेशनल डेस्क: Nitish Kumar vs Tejashwi Yadav: बिहार की सियासत में चुनावी हलचल तेज़ हो गई है। एनडीए जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनावी रण में उतर चुका है, वहीं महागठबंधन ने दो कदम आगे बढ़ते हुए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पटना के एक होटल में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक तेवर दिखाए और नीतीश कुमार के सबसे पुराने नारे- “3C यानी Corruption, Crime और Communalism पर No Compromise” पर पलटवार करते हुए कहा कि वे भी सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

तेजस्वी का पलटवार: “तेजस्वी की परछाई भी गलत करेगी तो सजा मिलेगी”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार केवल “सुशासन” का नारा दोहरा रही है। उन्होंने कहा-

“कोई भी अपराधी कितना बड़ा क्यों न हो, तेजस्वी उसे नहीं बख्शेगा। यहां तक कि अगर तेजस्वी की परछाई भी गलत करेगी, तो उसे भी सजा दिलाई जाएगी।”

इस बयान को राजनीतिक हलकों में नीतीश कुमार के “3C फॉर्मूले” की सीधी चुनौती माना जा रहा है।
दरअसल, नीतीश कुमार ने 2005 में सत्ता संभालते समय Corruption, Crime और Communalism के खिलाफ सख्त नीति की बात कही थी। उसी एजेंडे पर चलते हुए उन्हें “सुशासन बाबू” की छवि मिली थी।
अब तेजस्वी यादव उन्हीं हथियारों से RJD पर लगे ‘जंगलराज’ के दाग को मिटाने की कोशिश में हैं।

RJD की छवि सुधारने का मिशन: पोस्टर से लालू-राबड़ी गायब, नई रणनीति तैयार

तेजस्वी यादव ने 2020 के चुनाव से ही अपनी पार्टी की पुरानी छवि को बदलने की दिशा में काम शुरू कर दिया था। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की तस्वीरें पार्टी के चुनावी पोस्टरों से हटाकर साफ संदेश दिया कि वे नई पीढ़ी की राजनीति कर रहे हैं।
2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक कदम और आगे बढ़ते हुए खुद को क्लीन इमेज लीडर के रूप में पेश किया है।
उनका कहना है कि वे “करप्शन और लॉ एंड ऑर्डर” के मुद्दे पर किसी से समझौता नहीं करेंगे।

एनडीए पर “नकल” के आरोप: “हम आइडिया देते हैं, ये कॉपी करते हैं”

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और बीजेपी पर अपनी घोषणाओं की नकल करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा —

“हमने 1500 रुपये पेंशन की बात की तो उन्होंने 1100 रुपये कर दी।
हमने 200 यूनिट फ्री बिजली की घोषणा की तो उन्होंने 125 यूनिट फ्री कर दी।
हमने डोमिसाइल की बात की तो इन्होंने भी वही मुद्दा उठा लिया।
हम युवाओं के लिए आयोग बनाए तो ये भी उसी पर बात करने लगे।”

तेजस्वी ने यह भी जोड़ा कि महागठबंधन की 17 महीने की सरकार में 5 लाख नौकरियां दी गईं और 3 लाख पदों की प्रक्रिया शुरू की गई।
रीगा शुगर मिल के पुनरुद्धार, जाति आधारित गणना और नियोजित शिक्षकों को सरकारी दर्जा देना — इन सबको तेजस्वी ने अपनी उपलब्धियों में गिनाया।

पोस्टर वॉर में गरमाई राजनीति: “तेजस्वी तेज तर्रार, नीतीश सुस्त विकास वाले”

बिहार में अब पोस्टर वॉर ने भी चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
आरजेडी कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें लिखा है —

“17 महीने वाली तेज तर्रार तेजस्वी सरकार बनाम 17 साल की सुस्त नीतीश सरकार।”

पोस्टर में तेजस्वी यादव को घोड़े की सवारी करते हुए लालटेन थामे आगे बढ़ते दिखाया गया है, जबकि नीतीश कुमार को घोंघा (स्नेल) पर बैठे हुए दिखाया गया है।
पोस्टर का संदेश साफ है — तेजस्वी विकास की रफ्तार बढ़ाना चाहते हैं, जबकि नीतीश अब थके हुए नेता के रूप में दिखाए जा रहे हैं।

जनता को साधने की कवायद: “युवाओं का सपना, तेजस्वी का वादा”

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार का चुनाव ‘जंगलराज बनाम सुशासन’ नहीं बल्कि ‘थकान बनाम ऊर्जा’ का होगा।
तेजस्वी यादव युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर लगातार जनता को साधने की कोशिश में हैं।
वहीं एनडीए नीतीश कुमार के अनुभव और स्थिर शासन की बात कर रही है।

आरजेडी का पोस्टर लगाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता ऋषि ने कहा —

“बिहार अब तेजतर्रार सरकार चाहता है, और वह सरकार तेजस्वी यादव ही दे सकते हैं।”

बहरहाल बिहार की सियासी लड़ाई अब Nitish Kumar vs Tejashwi Yadav के अनुभव और ऊर्जा के बीच फंस गई है। जहां एक ओर हैं नीतीश कुमार, जिन्होंने “सुशासन” की पहचान बनाई, और दूसरी ओर हैं तेजस्वी यादव, जो उसी हथियार से अपनी पार्टी की पुरानी छवि को मिटाने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में 2025 का यह चुनाव तय करेगा कि बिहार की जनता “स्थिर शासन” को चुनती है या “तेज तर्रार बदलाव” को।

Spread the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *