Asia Cup 2025: एशिया कप की रेस में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन या अभिषेक, बेस्ट ओपनर कौन?

Gill Jaiswal Samson Abhishek Asia Cup 2025: Gill, Jaiswal, Samson और Abhishek में कौन बनेगा Team India का Opener?

नेशनल डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती सही कॉम्बिनेशन चुनने की है। एशिया कप 2025 यूएई में आयोजित होने जा रहा है और आठ टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। अगले हफ्ते तक भारतीय टीम का स्क्वाड घोषित किया जा सकता है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ओपनिंग स्लॉट किसे मिलेगा। शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा – ये चारों खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं। लेकिन जब आंकड़ों की बात आती है, तो इनके प्रदर्शन की तुलना करना दिलचस्प हो जाता है।

अभिषेक शर्मा – तूफानी शुरुआत

अभिषेक शर्मा ने 2024 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर सबका ध्यान खींचा। उनके पास पावरप्ले में बड़ी-बड़ी शॉट खेलने की क्षमता है। उन्होंने अब तक 17 मैचों में 535 रन बनाए हैं। खास बात यह है कि इनमें दो शतक शामिल हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 135 रनों की ऐतिहासिक पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। कम मैच खेलने के बावजूद उनका स्ट्राइक रेट और तेजी से रन बनाने का अंदाज चयनकर्ताओं को प्रभावित कर सकता है।

संजू सैमसन – अनुभव और निरंतरता

संजू सैमसन का करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2015 में डेब्यू करने के बाद वे लंबे समय तक टीम से बाहर रहे। लेकिन हालिया वर्षों में उन्होंने खुद को स्थायी ओपनर और विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उन्हें लगातार मौके मिले और उन्होंने इन्हें भुनाया भी। 42 मैचों में 861 रन और तीन शतक उनके नाम पर हैं। आंकड़े बताते हैं कि चारों दावेदारों में सबसे ज्यादा रन संजू ने ही बनाए हैं। उनका अनुभव और निरंतरता एशिया कप में उन्हें बढ़त दिला सकते हैं।

यशस्वी जायसवाल – युवा जोश और भरोसा

यशस्वी जायसवाल भारतीय टीम के लिए एक भरोसेमंद ओपनर के तौर पर उभरे हैं। 2023 में डेब्यू करने के बाद से उन्होंने कई मैचों में दमदार प्रदर्शन किया है। अब तक खेले गए 23 मुकाबलों में उन्होंने 723 रन जोड़े हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा होना उनके करियर का अहम पल रहा। उनका स्टाइल आधुनिक टी20 क्रिकेट के लिए बिल्कुल उपयुक्त है और वे लगातार रन बनाकर चयनकर्ताओं की नजर में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं।

शुभमन गिल – क्लासिक बल्लेबाज लेकिन T20 में चुनौती

शुभमन गिल को टेस्ट और वनडे फॉर्मेट का भरोसेमंद बल्लेबाज माना जाता है। उन्होंने 2023 में टी20 डेब्यू किया था और अब तक 21 मैचों में 578 रन बना चुके हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं। हालांकि, उन्होंने आखिरी बार 2024 में T20I मैच खेला था। यही कारण है कि उनकी दावेदारी थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। फिर भी इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट में उनका शानदार प्रदर्शन चयनकर्ताओं को यह सोचने पर मजबूर कर सकता है कि वे टीम का हिस्सा बनें।

किसे मिलेगी एशिया कप की टिकट?

अगर केवल आंकड़ों पर गौर किया जाए तो रन बनाने के मामले में संजू सैमसन सबसे आगे हैं। उनके बाद यशस्वी जायसवाल का नंबर आता है, जबकि शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा रन टैली में पीछे हैं। हालांकि, अभिषेक का स्ट्राइक रेट और पावर हिटिंग क्षमता उन्हें अलग पहचान देती है। वहीं गिल का अनुभव और जायसवाल का निरंतर फॉर्म उन्हें भी पीछे नहीं रहने देता।

एशिया कप 2025 में टीम मैनेजमेंट के लिए असली मुश्किल यही होगी कि इन चारों में से किन्हें मौका दिया जाए। संजू का अनुभव, जायसवाल का फॉर्म, अभिषेक की आक्रामकता और गिल की क्लास हर खिलाड़ी की अपनी खासियत है। अब देखना यह है कि चयनकर्ताओं की नजर में किसका पलड़ा भारी पड़ता है।

Spread the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *