नेशनल डेस्क: भारतीय वायुसेना द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” को लेकर हर दिन नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान को गंभीर नुकसान हुआ है और अब इसकी पुष्टि भारतीय वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने खुद की है। उन्होंने साफ किया है कि पाकिस्तान ने सिर्फ झूठा प्रचार किया जबकि असली नुकसान उसे ही झेलना पड़ा।
कई एयरबेस और रनवे तबाह, F-16 भी निशाने पर
वायुसेना प्रमुख के अनुसार, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई अहम एयरफील्ड्स और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में:
4 जगहों पर रडार सिस्टम को नष्ट किया गया
2 जगहों पर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को नुकसान पहुंचाया गया
2 रनवे को निष्क्रिय कर दिया गया
3 स्टेशनों पर एयरक्राफ्ट हैंगर पर सटीक हमले किए गए
सबसे बड़ी बात यह रही कि इन हमलों में पाकिस्तान के F-16 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान भी तबाह हुए हैं। एयर चीफ के अनुसार, उस समय जो विमान रखरखाव में थे, उनमें से कई F-16 थे और कम से कम 4–5 लड़ाकू विमान नष्ट किए गए।
C-130 विमान और हाई-टेक जेट्स भी भारत की मारक क्षमता के शिकार
भारतीय वायुसेना को खुफिया इनपुट के ज़रिए यह भी पता चला कि एक C-130 क्लास के विमान की मौजूदगी भी हमले के दौरान थी, जो अब नष्ट हो चुका है। इसके साथ ही JF-17 और F-16 जैसे हाई-टेक फाइटर जेट्स को भी मार गिराया गया। वायुसेना प्रमुख ने बताया कि भारत ने 300 किलोमीटर से भी अधिक दूरी तक सटीक स्ट्राइक की, जो या तो AEW&C (एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल) या फिर SIGINT (सिग्नल इंटेलिजेंस) विमान की मदद से संभव हुआ। इससे यह भी साबित होता है कि भारत की एयर डिफेंस और स्ट्राइक क्षमताएं बेहद आधुनिक और प्रभावी हैं।
पाकिस्तान का झूठा प्रचार, भारत की सच्चाई के आगे धराशायी
पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह दावा किया था कि उसने भारत के कई एयरबेस, जैसे आदमपुर एयरबेस, को नुकसान पहुंचाया और S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट किया। लेकिन यह सब झूठा प्रचार निकला। एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने इन दावों को “मनोहर कहानियां” बताया और कहा, “अगर पाकिस्तान सोचता है कि उसने हमारे जेट गिराए, तो सोचता रहे। लेकिन क्या आपने कहीं देखा कि हमारे किसी एयरबेस या हैंगर को नुकसान हुआ हो?”
पीएम मोदी ने पेश किया पाकिस्तान के झूठ का सबूत
पाकिस्तान के झूठे दावे की पोल तब खुली जब 13 मई की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद आदमपुर एयरबेस पहुंचे। वे C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान से एयरबेस पर उतरे और ऑपरेशन सिंदूर में शामिल वायुसेना के योद्धाओं से मुलाकात की। इस दौरान उनके पीछे S-400 मिसाइल सिस्टम और मिग-29 लड़ाकू विमान को खड़ा देखा गया, जो इस बात का साफ सबूत था कि पाकिस्तान का दावा झूठा था और भारत की सैन्य ताकत पूरी तरह सलामत है।
एयर चीफ बोले: “तथ्यों से चलता है भारत, न कि प्रचार से”
एयर चीफ मार्शल ने यह भी दोहराया कि भारत झूठे दावों के बजाय तथ्यों के आधार पर सच्चाई रखता है। उन्होंने कहा, “हमने जो भी कार्रवाई की है, उसके पुख्ता सबूत हैं। हम प्रचार नहीं करते, लेकिन जब वक्त आता है, तो सच पूरी दुनिया के सामने रखते हैं।” इंटेलिजेंस इनपुट और वायुसेना के बयान के मुताबिक, कुल 10 से 12 पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट ऑपरेशन सिंदूर में नष्ट हुए हैं। इनमें सबसे अधिक संभावना F-16, JF-17 और C-130 जैसे विमानों की है। यह नुकसान पाकिस्तान की वायुसेना के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
भारत की ताकत और रणनीति दोनों मजबूत
ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भारत न सिर्फ सैन्य रूप से ताकतवर है बल्कि उसकी रणनीति भी विश्वस्तरीय है। पाकिस्तान की तरफ से झूठ और भ्रम फैलाने की जितनी भी कोशिशें हुईं, उन्हें भारत ने सटीक जवाब और सबूतों के साथ नाकाम कर दिया। आज भारतीय वायुसेना न केवल अपने देश की रक्षा में सक्षम है, बल्कि अगर दुश्मन कोई गलत कदम उठाता है, तो उसे मुंहतोड़ जवाब देने की भी पूरी ताकत रखती है।






